सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा शहर के व्यस्त डीबी रोड स्थित मछली मार्केट में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चाय दुकान में गैस सिलेंडर से लीक हुई गैस ने आग पकड़ ली। यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब दुकानदार शबीर अपनी दुकान खोलने के बाद रोज़ की तरह चाय बनाने की तैयारी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस लीक होते ही अचानक आग भड़क उठी, जो इतनी तेज थी कि देखते ही देखते बगल की दो अन्य दुकानें भी चपेट में आ गईं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन अनुमानित 5.6 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अग्निशामक पदाधिकारी कन्हैया यादव ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
दुकानदार शबीर ने बताया, “हर रोज की तरह दुकान खोली और चाय बनाना शुरू ही किया था कि अचानक धमाका हुआ और सबकुछ जलकर खाक हो गया।” यह घटना एक बार फिर से गैस सिलेंडर की सुरक्षा और समय पर जांच की अहमियत को दर्शाती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस क्षेत्र में दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था और गैस की निगरानी को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं।