सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सबसे चर्चित और प्रेरणादायक गुरु खान सर ने आज मोतिहारी में छात्रों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी और उन्हें अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मोटिवेट किया। खान सर मोतिहारी के ऐतिहासिक महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में एक भव्य कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
मोतिहारी का यह कार्यक्रम ऐतिहासिक था, क्योंकि इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं पहुंचे थे। खान सर का स्वागत जेसीवी से फूल बरसाकर किया गया, और उनके आगमन पर ऑडिटोरियम में तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल गूंज उठा। खान सर ने मंच से अपनी प्रेरणादायक बातें साझा की और युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने की अपील की।
खान सर ने कहा, “नशे से बड़ा कोई भी इंसान नहीं हो सकता। हमारे पड़ोसी देशों पाकिस्तान और चीन से अफीम भारत में आ रही है। आप लोग नशे का इंटरनेशनल शिकार बन रहे हो। अगर आप एक बार नशे के आदि हो गए, तो फिर उससे बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो जाता है।” इसके बाद उन्होंने युवाओं को पढ़ाई में फोकस करने की सलाह दी और कहा कि “आप सिर्फ नौकरी के भरोसे न रहें, बल्कि अपने बिजनेस और स्किल्स पर भी ध्यान दें।”
खान सर ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि “शिक्षकों का भी एक यूनिवर्सिटी होना चाहिए, ताकि उनका ज्ञान बढ़े और वे बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सकें।” उन्होंने यह भी कहा कि “जिस दिन शिक्षकों का टेस्ट होगा, तब से बच्चे उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करेंगे।” इसके अलावा खान सर ने यह भी कहा कि “आपको कभी भी यह नहीं सोचना चाहिए कि आप पढ़ाई में कमजोर हैं। अगर आप सही तरीके से पढ़ाई करेंगे, तो सफलता आपके कदम चूमेगी।” उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह भी दी और कहा कि “अभिभावक यह तय करें कि बच्चे मोबाइल से कैसे पढ़ाई करें।”
खान सर ने चम्पारण की ऐतिहासिक भूमि की भी सराहना की और महात्मा गांधी के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा कि “यहां से महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन की शुरुआत की थी, और आप सभी को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करना चाहिए।” खान सर का यह कार्यक्रम चम्पारण के इतिहास में सबसे बड़े और प्रभावशाली आयोजनों में से एक था, और उनके साथ आए हजारों युवाओं ने इसे यादगार बना दिया। खान सर ने भी वादा किया कि वह अगले बार चम्पारण आकर गांधी मैदान में कार्यक्रम करेंगे, ताकि यहां की युवा पीढ़ी को और भी प्रेरित किया जा सके।