दामादों की भरती पर आरजेडी का वार: तेजस्वी बोले – बिहार में बना दो ‘दामाद आयोग

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की सियासत एक बार फिर ‘रिश्तेदारवाद’ के मुद्दे पर गर्म हो गई है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार की सरकार अपनों को फायदा पहुंचाने में लगी है।

मामला राज्य में आयोग के सदस्य बनाए गए उन लोगों से जुड़ा है, जो सीधे तौर पर सत्ता पक्ष के नेताओं के रिश्तेदार हैं। इनमें बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बहनोई और पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के दामाद का नाम शामिल है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तेजस्वी यादव ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि “बिहार में अब दामाद आयोग बना देना चाहिए, क्योंकि जो सत्ता में है, वो अपने किसी रिश्तेदार—दामाद या बहनोई—को जरूर किसी सरकारी पद पर बैठा रहा है।”

इसी मुद्दे को लेकर आरजेडी ने एक AI एनिमेटेड वीडियो और व्यंग्यात्मक गीत भी जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।

इस गाने के बोल कुछ इस प्रकार हैं:
“ओ भूल गए गरीब को, भूल गए रोजगार
इनके झूठे वादों से बिक गए हैं घर-बार
वोट लेने सबसे आगे, फिर जनता पीछे भागे
लाभ की बात चले तो रहते बस इनको याद — दामाद दामाद दामाद…”

गाने में मांझी, चौधरी और पासवान जैसे नेताओं पर सीधा नाम लेकर तंज कसा गया है कि ये नेता गरीबों को भूल कर अपने दामादों का ख्याल रखते हैं।

आरजेडी का यह प्रचार वीडियो सत्ता पक्ष की ‘अपनों को पद देने’ की राजनीति को उजागर करने का प्रयास है। पार्टी का कहना है कि जब लाखों युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब सत्ता पक्ष में ‘रेवड़ी संस्कृति’ सिर्फ अपनों के लिए चल रही है।

Share This Article