सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में मानसून की झमाझम बारिश हो रही है. पहली बारिश मे ही कई नदियां उफान पर हैं. कई तटबंध ध्वस्त हो चुके हैं. शनिवार को राजधानी पटना में भी सुबह से ही बादल छाये हुए थे. रविवार को भी बादल छाये हुए हैं.शनिवार को पूरे बिहार में झमाझम बारिश हुई. आज भी एक-दो स्थानों पर बारिश होने, बिजली चमकने और ठनका गिरने की भी चेतावनी है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 8.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग ने बिहार के सात जिलों में रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका और कटिहार जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भागों के जिलों के एक या दो स्थानों पर ठनका गिरने, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट है. हालांकि राज्य भर में रविवार को भी बारिश होने की आसार हैं.
बिहार में मानसून सक्रिय रहने के कारण अगले चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा. मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार शनिवार को सीतामढ़ी और शिवहर को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई. इस दौरान जमुई जिले में भारी बारिश हुई. अरवल में 74 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. बिहार का सबसे अधिक तापमान गोपालगंज व बिक्रमगंज में 35.5 और सबसे कम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दरभंगा में दर्ज किया गया.