सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है। मोतिहारी सिविल कोर्ट में एक पुराने मामले में हाजिरी देने पहुंचे अखिलेश सिंह ने कहा कि “बिहार की धरती को अपराधियों ने रक्तरंजित कर दिया है। आज पटना पूरे देश का सबसे बड़ा क्राइम कैपिटल बन गया है।”
उन्होंने कल के बिहार बंद को लेकर जनता से समर्थन मांगा और कहा कि यह बंद बढ़ते अपराध, मतदाता पुनरीक्षण में गड़बड़ी, और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कल के बंद में शामिल होने के लिए पटना पहुंचेंगे, जिससे इस आंदोलन को बड़ा बल मिलेगा।
अखिलेश सिंह ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आयोग “दो करोड़ मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की साजिश कर रहा है।” उन्होंने दावा किया कि यह पूरा मतदाता पुनरीक्षण अभियान बीजेपी के इशारे पर चलाया जा रहा है और INDIA गठबंधन इसे लेकर एकजुट है।
“यह लोकतंत्र पर हमला है। हम इस तानाशाही के खिलाफ एक प्रोजेक्ट के तहत सड़कों पर उतरेंगे। बिहार बंद के बाद मतदाता सूची में हो रही गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा,” उन्होंने कहा। इस बयान से साफ है कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन अब मतदाता सूची में हो रहे कथित बदलावों और बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में है।