सिटी पोस्ट लाइव : बिहार के नौ जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. शनिवार को पटना में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. सिवान के रघुनाथपुर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई. अगले तीन-चार दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार रविवार को प्रदेश के नौ जिले के अरवल, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद, गयाजी, सारण, सिवान और रोहतास जिले के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ भारी वर्षा की चेतावनी है.
दक्षिण एवं उत्तर पश्चिम भाग के जिलों के एक या दो स्थानों पर 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. तीन से चार दिनों के दौरा अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है.शनिवार को पटना सहित आसपास इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम वर्षा से मौसम सामान्य बना रहा. पटना का अधिकतम तापमान शनिवार को 31.0 डिग्री सेल्सियस एवं 5.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई. जबकि, 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बेगूसराय में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई. सिवान के रघुनाथपुर में सर्वाधिक वर्षा 92.6 मिमी दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिसंख्य भागों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा के आसार है.औरंगाबाद के ओबरा में 90.2 मिमी, गयाजी के अतरी और मोहरा में 82.2 मिमी, वाल्मीकि नगर में 80.2 मिमी, भोजपुर के सहर में 77.2 मिमी, नवादा के कौआकोल में 75.6 मिमी, गयाजी के इमामगंज में 74.6 मिमी, बगहा में 70 मिमी, औरंगाबाद के रफीगंज में 70 मिमी वर्षा दर्ज की गई.भभुआ के चांद में 59.8 मिमी, डेहरी में 51.4 मिमी, जमुई में 50.2 मिमी, पटना के बलछी में 49.2 मिमी, भोजपुर के नोखा में 49.2 मिमी, बक्सर के सिमरी में 46.8 मिमी, नवादा के रोह में 45.2 मिमी, गयाजी के डोभी में 44.6 मिमी एवं अरवल में 43.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई.