बिहार के नालंदा में मंत्री श्रवण कुमार पर जानलेवा हमला, काफिले का पीछा कर खदेड़ा; बॉडीगार्ड घायल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के नालंदा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ नीतीश सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री और जेडीयू नेता श्रवण कुमार के काफिले पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। गुस्साए लोगों ने मंत्री के काफिले का कई किलोमीटर तक पीछा किया और उन्हें खदेड़कर भगा दिया। इस हमले में मंत्री के कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।

सड़क हादसे के बाद भड़का गुस्सा
यह घटना हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव की है। मंत्री श्रवण कुमार, दो दिन पहले हुए एक भीषण सड़क हादसे में मारे गए 9 लोगों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मृतकों में जीविका दीदी (बैंक जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं) शामिल थीं। मंत्री के साथ स्थानीय विधायक प्रेम मुखिया भी पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए गए थे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अचानक हुआ हमला
लगभग आधे घंटे तक पीड़ित परिवार के साथ समय बिताने के बाद, जब मंत्री और विधायक बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक नाराज ग्रामीणों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक गाड़ियों का पीछा किया। भीड़ के हिंसक तेवर को देखते हुए मंत्री और विधायक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और यह भी दिखाता है कि जनता में अपने जनप्रतिनिधियों के प्रति कितना गुस्सा और निराशा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे शायद मुआवजे और सरकार के रवैये से संतुष्ट नहीं थे, जिसके कारण उन्होंने अपना गुस्सा इस तरह से व्यक्त किया।

मंत्री ने दिया बयान
घटना के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह सड़क दुर्घटना में मारे गए जीविका दीदियों के परिजनों के दुख में शामिल होने गए थे और सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता को सुनिश्चित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “अगर कुछ लोग उसमें नाराज होंगे तो इसकी जानकारी मुझे नहीं है।”

Share This Article