सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के भीतर की लड़ाई अब खुलकर सामने आ गई है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और विधायक तेजप्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले महुआ विधायक डॉ. मुकेश रौशन पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। तेजप्रताप ने दावा किया है कि महुआ विधायक के साढ़ू रवि रौशन उर्फ गुड्डू यादव ने एक पत्रकार के पिता से प्रॉपर्टी के नाम पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है और अब उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लगाया गंभीर आरोप
तेजप्रताप यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने लिखा, “पत्रकार प्रिया यादव के पिता श्री अवधेश सिंह यादव जी से महुआ के बहरूपिए (मुकेश रौशन) के साढ़ू रवि रौशन उर्फ गुड्डू यादव द्वारा प्रॉपर्टी से संबंधित काम के नाम पर पूरे सत्ताईस लाख (27,00,000) रुपए चेक और कैश के माध्यम से ठगी की गई है।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि रवि रौशन उर्फ गुड्डू यादव अपने आदमियों के जरिए प्रिया यादव के पिता का पीछा करवा रहा है, ताकि उन्हें जान से मारा जा सके। इस काम के लिए सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (गाड़ी संख्या BR 01F L 0006) का इस्तेमाल किया जा रहा है। तेजप्रताप ने इस घटना को “बेहद शर्मनाक” बताया और प्रशासन से रवि रौशन उर्फ गुड्डू यादव को तुरंत गिरफ्तार करने और ठगे गए पैसे वापस दिलवाने की मांग की है।
महुआ सीट पर सीधा टकराव
तेजप्रताप यादव ने पहले ही यह ऐलान कर दिया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल इस सीट पर राजद के विधायक मुकेश रौशन काबिज हैं, जो तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। इसी वजह से तेजप्रताप और मुकेश रौशन के बीच लंबे समय से राजनीतिक तनातनी चल रही है। अब जब तेजप्रताप ने इसी सीट से चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है, तो यह टकराव और भी तीखा हो गया है। यह मुकाबला सिर्फ सियासी दिलचस्पी ही नहीं बढ़ा रहा है, बल्कि लालू परिवार के भीतर चल रही खींचतान को भी सार्वजनिक कर रहा है।
अपनी नई पार्टी से तेजस्वी को चुनौती
राजद से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद, तेजप्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ का गठन किया है। उनकी इस पार्टी ने कई छोटे-छोटे दलों के साथ गठबंधन भी बना लिया है। इसके अलावा, जनशक्ति जनता दल ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कई सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। यह साफ है कि तेजप्रताप यादव अब सीधे तौर पर राजद और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव की राजनीति को चुनौती देने की तैयारी में हैं। महुआ सीट पर मुकेश रौशन के खिलाफ लगाए गए ये गंभीर आरोप, इस सियासी जंग को और भी व्यक्तिगत और तीखा बना सकते हैं।