तेजस्वी ही CM चेहरा, चिराग को दी चुनौती – मुकेश साहनी का सियासी तेवर

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
महागठबंधन के नेता और विकाशशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश साहनी ने साफ कर दिया है कि तेजस्वी यादव ही 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के सर्वसम्मत उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सभी घटक दल – कांग्रेस, लेफ्ट और VIP – इस पर सहमत हैं। तेजस्वी यादव कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष हैं और उनका नेतृत्व स्वीकार्य है।

मुकेश साहनी ने कहा कि डिप्टी सीएम कौन बनेगा, कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा, यह सभी मुद्दे समय रहते तय कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन में कोई भ्रम नहीं है और तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर किसी भी दल ने कोई आपत्ति नहीं जताई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 12 तारीख को गठबंधन की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। मुकेश साहनी ने NDA की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अभी वहां भी कुछ तय नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि जब महागठबंधन के चेहरे का औपचारिक ऐलान होगा, तो उसे (ब्रांड) लॉन्चिंग जैसी भव्यता के साथ पूरे बिहार में मनाया जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

चिराग पासवान को दी खुली चुनौती

पत्रकारों द्वारा चिराग पासवान के 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुकेश साहनी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा “हमारी शुभकामना है कि वे 243 सीटों पर लड़ें। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने सिर्फ 135 सीटों पर ही लड़ाई लड़ी थी। अगर आप ‘शेर के बच्चे’ हैं, तो डरते क्यों हैं? फिर खुलकर चुनाव लड़िए।” मुकेश साहनी ने चिराग को ‘गोल-गोल घुमाने वाला नेता’ बताया और कहा कि वो खुद अपनी पार्टी के सर्वेसर्वा हैं, फिर जनता को भ्रमित क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा “अगर लड़ना है तो साफ-साफ कहें कि इस सीट से लड़ेंगे, दिल्ली की कुर्सी छोड़कर मैदान में उतरें। जनता को भ्रम में न रखें।”

महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को सर्वसम्मति से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा स्वीकार कर लिया है। पूरे राज्य की 243 सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है और तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस संबंध में 12 जून को महागठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है, जिसमें सीट बंटवारे और प्रचार अभियान सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसी बीच, विकाशशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश साहनी ने चिराग पासवान को खुली चुनौती दी है और एनडीए की अंदरूनी स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल और गरम हो गया है।

Share This Article