पटना हाई कोर्ट ने कांग्रेस को दिया निर्देश, ‘पीएम मोदी की मां का AI वीडियो हटाओ’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
पटना हाई कोर्ट ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन मोदी का एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाया गया वीडियो सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने का निर्देश दिया। यह वीडियो कांग्रेस की बिहार इकाई द्वारा पिछले हफ्ते पोस्ट किया गया था, जिसमें पीएम मोदी की मां को उनके सपने में आकर उनकी राजनीतिक शैली की आलोचना करते हुए दिखाया गया था।

निजता और गरिमा का उल्लंघन
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पीबी बैजनथ्री ने विवेकानंद सिंह द्वारा दायर एक याचिका पर यह आदेश पारित किया। कोर्ट ने कहा कि यह वीडियो ‘निजता के अधिकार और मानवीय गरिमा’ का उल्लंघन करता है, जो संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत संरक्षित हैं। हालांकि, लिखित आदेश का अभी इंतजार है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

याचिकाकर्ता की ओर से पेश हुए अधिवक्ता सिद्धार्थ प्रसाद ने बताया कि अदालत ने अपने अंतरिम आदेश में बिहार कांग्रेस पार्टी, उसके नेता राहुल गांधी, गूगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एक्स (ट्विटर) इंडिया और मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक को नोटिस जारी किया है। याचिकाकर्ता ने इस वीडियो को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने, जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मानहानिकारक वीडियो के लिए सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की थी। याचिका में यह भी मुद्दा उठाया गया था कि क्या अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता (अनुच्छेद 19-1-ए) का इस्तेमाल दुर्भावनापूर्ण और मनगढ़ंत सामग्री फैलाने के लिए किया जा सकता है।

जदयू और भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए, जनता दल यूनाइटेड (जेडी-यू) के प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि हाई कोर्ट का यह आदेश कांग्रेस को आईना दिखाने के लिए काफी है, जो हताशा में किसी की भी दिवंगत मां को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा, “पटना हाई कोर्ट का आदेश स्वागत योग्य है और कांग्रेस को इसे सबक के तौर पर लेना चाहिए। जो लोग कहते हैं कि संविधान खतरे में है, हाई कोर्ट का यह फैसला उसी संविधान की ताकत को दर्शाता है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा पा रही है।”

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री (एमओएस) नित्यानंद राय ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को अब इस ‘नैतिक भ्रष्टाचार’ पर सोचना चाहिए, जिसका पटना हाई कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने आरोप लगाया, “तेजस्वी moral corruption की बात करते हैं, जबकि उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है। अब हाई कोर्ट के फैसले के बाद उन्हें कम से कम इस पर कुछ तो बोलना चाहिए। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने एक नया निचला स्तर छुआ है। पीएम की मां का अपमान करना, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, और तेजस्वी की चुप्पी दोनों की मिलीभगत को दर्शाती है। बिहार की जनता उन्हें चुनाव में उनकी सही जगह दिखाएगी।”

Share This Article