पीएलएफ-धरोहर दुर्गा पूजा महोत्सव: पद्मश्री सोमा घोष की आत्मीय प्रस्तुति ने जीता सबका दिल!…

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव

सीइमेज कॉलेज, नई बिल्डिंग, पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर भव्य शास्त्रीय सांस्कृतिक समारोह ‘धरोहर’ का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर पद्मश्री सोमा घोष, प्रसिद्ध गायिका और भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खान की दत्तक पुत्री ने अपनी आत्मीय प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, कार्यक्रम में 500 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें संगीत प्रेमी, कलाकार और शहर के प्रमुख व्यक्ति मौजूद थे। वहीं, सोमा घोष की गायकी में मिठास और भावनाओं ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को एक नए रूप में प्रस्तुत किया। कॉलेज के डायरेक्टर नीरज अग्रवाल ने कहा- “हम दुर्गा पूजा के इस अवसर पर खुशियां बांटने और हमारी संस्कृति व विरासत को संरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम नई पीढ़ी को उनकी जड़ों से जोड़ना चाहते हैं।” इसके साथ ही पीएलएफ के सचिव खुर्शीद अहमद ने कहा, “यह समय ऐसे आयोजनों का है, जो हमें हमारी संस्कृति से जोड़ते हैं और समाज को एकजुट करते हैं। पटना में पिछले कुछ वर्षों से साहित्यिक और सांस्कृतिक माहौल बना है, जिसे आगे और मजबूती देने का प्रयास जारी रहेगा।” उन्होंने यह भी जानकारी देते हुए कहा कि पीएलएफ जल्द ही दिल्ली और जयपुर में भी लिटरेरी फेस्टिवल आयोजित करेगा।

कार्यक्रम में सीइमेज कॉलेज के निदेशक नीरज अग्रवाल, मेघना अग्रवाल, डॉ. सत्यजीत सिंह, डॉ. शकील अहमद (पूर्व कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस), खुर्शीद अहमद, फैजान अहमद, आनंद जी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। यह कार्यक्रम भारतीय शास्त्रीय संगीत और संस्कृति की धरोहर को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ। इस आयोजन ने दर्शकों को न सिर्फ आनंदित किया, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी उजागर किया।

Share This Article