चुनाव जितने के बाद क्या चिराग उपमुख्यमंत्री के पद पर करेंगे दावेदारी? चिराग पासवान का बड़ा बयान, तेजस्वी को घेरा

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज़ हो चुकी हैं। एनडीए की ओर से चुनावी रण में उतरे दलों के नेताओं की बयानबाज़ी लगातार सुर्खियां बटोर रही है। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने डिप्टी सीएम पद को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

एक इंटरव्यू में जब चिराग पासवान से पूछा गया कि यदि बिहार में एनडीए को बहुमत मिलता है, तो क्या उनकी पार्टी डिप्टी सीएम पद की दावेदारी करेगी? इस सवाल पर चिराग ने कहा कि “इस मुद्दे पर अभी बात करना बेमानी है। पहले हम सबको मिलकर सरकार बनानी है, इसके बाद प्रदर्शन के आधार पर तय होगा कि किसकी क्या भूमिका होगी।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

चिराग पासवान ने यह भी कहा कि महागठबंधन की हालत देखकर यह समझ आता है कि समय से पहले पदों की महत्वाकांक्षा कैसे नुकसानदायक हो सकती है। उन्होंने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का उदाहरण देते हुए कहा, “अगर सहनी जी डिप्टी सीएम बनने के लिए नहीं अड़ते, तो शायद महागठबंधन की स्थिति कुछ और होती। पहले सत्ता में तो आइए, फिर पदों की बात कीजिए।”

एनडीए की जीत को लेकर चिराग पूरी तरह आश्वस्त नज़र आए। उन्होंने कहा कि “हम एकजुट होकर काम कर रहे हैं और जनता का समर्थन हमारे साथ है। पिछली बार भी हमारी मेहनत रंग लाई थी और इस बार उसका असर निर्णायक होगा।”

तेजस्वी यादव पर सीधा हमला करते हुए चिराग ने कहा कि “जो नेता अपने गठबंधन को एकजुट नहीं रख सकता, वो बिहार को क्या एकजुट रखेगा?” उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन का बिखराव एनडीए को फायदा पहुंचाएगा और जनता भी अब बदलाव चाहती है।

चिराग पासवान के इस बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लोजपा (रामविलास) वर्तमान में गठबंधन की जीत को प्राथमिकता दे रही है और पद को लेकर किसी तरह की जल्दबाज़ी में नहीं है। वहीं, तेजस्वी यादव पर उनके तीखे हमले यह दिखाते हैं कि एनडीए महागठबंधन की अंदरूनी कलह को मुद्दा बनाकर आगामी चुनाव में उतरने की रणनीति पर काम कर रहा है।

Share This Article