सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के परिवार की अंदरूनी खींचतान अब खुलकर चुनावी मैदान में आ गई है। बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने न सिर्फ अपनी पुरानी सीट महुआ से छोटे भाई तेजस्वी यादव के खिलाफ राजद उम्मीदवार के सामने ताल ठोकी है, बल्कि प्रतिशोध में तेजस्वी की गढ़ राघोपुर विधानसभा सीट से भी अपना उम्मीदवार उतार दिया है। तेज प्रताप के इस कदम से दोनों भाइयों के बीच सुलह की तमाम गुंजाइशें समाप्त हो गई हैं।
राघोपुर में तेजस्वी के खिलाफ ‘जनशक्ति जनता दल’
तेज प्रताप यादव ने राघोपुर सीट पर तेजस्वी यादव के खिलाफ ‘जनशक्ति जनता दल’ (JJD) के टिकट पर युवा राजद के पूर्व महासचिव प्रेम कुमार यादव को मैदान में उतारा है। राघोपुर के स्थानीय निवासी प्रेम कुमार यादव ने जेजेडी उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल कर दिया है। यह फैसला तब आया जब तेजस्वी यादव ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
तेजस्वी ने अपने हलफनामे में अपनी कुल संपत्ति लगभग 8.1 करोड़ रुपये घोषित की है, जबकि उनकी पत्नी राजश्री के पास 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है। राघोपुर में मतदान पहले चरण में 6 नवंबर को होगा।
महुआ में तेजप्रताप के राजद
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ से नामांकन दाखिल किया। 2015 में इस सीट से विधायक रहे तेज प्रताप का मुकाबला यहां राजद के मौजूदा विधायक मुकेश कुमार रौशन से होगा, जिन्हें तेजस्वी ने फिर से टिकट दिया है।
मुकेश रौशन वही नेता हैं, जो दिसंबर 2024 में तेज प्रताप के महुआ से चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद फूट-फूटकर रोने लगे थे। उन्हें डर था कि लालू परिवार अपने बेटे के सामने उनकी नहीं सुनेगा। लेकिन तेज प्रताप के पार्टी से बाहर होने के बाद, मुकेश रौशन का टिकट बच गया और अब वह तेजस्वी के समर्थन से तेज प्रताप के सामने खड़े हैं।
परिवार दो खेमों में बंटा
दोनों भाइयों की इस अदावत में लालू परिवार स्पष्ट रूप से दो खेमों में बंटा नजर आ रहा है। नामांकन दाखिल करने से पहले, तेज प्रताप यादव अपनी दादी मरछिया देवी की तस्वीर लेकर और अपनी मां राबड़ी देवी से आशीर्वाद लेने पहुंचे। मां राबड़ी देवी ने ममत्व भाव से अपने बेटे के सिर पर हाथ रखा, जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं।
वहीं, बहन रोहिणी आचार्य खुलकर तेज प्रताप के समर्थन में आ गई हैं। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तेज प्रताप के नॉमिनेशन का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “तुम्हें दुनिया की सारी सफलता और खुशियां मिलें और तुम हमेशा उजाले की तरह आगे बढ़ते रहो…भाई”। अब बिहार चुनाव के बाद ही साफ हो पाएगा कि लालू परिवार के इस ‘बड़े और छोटे’ के टकराव में कौन भारी पड़ता है।