भारतीय क्रिकेट के ‘हिटमैन’ कहे जाने वाले रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया है। 38 साल की उम्र में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म दिखाते हुए उन्होंने पहली बार ICC वनडे बल्लेबाज़ रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया है। ICC की ताज़ा रैंकिंग में रोहित ने 781 रेटिंग पॉइंट्स के साथ शुभमन गिल को पीछे छोड़ा दिया है। जबकि सचिन तेंदुलकर का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए वनडे के सबसे उम्रदराज नंबर-1 बल्लेबाज़ बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए अपने करियर का नया अध्याय लिखा। सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने शानदार शतक जड़ते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। तीन मैचों की इस सीरीज में रोहित ने कुल 202 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन का सीधा असर ICC की ताज़ा वनडे रैंकिंग पर भी देखने को मिला। जिसमें वे 781 रेटिंग पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर पहुंच गए। इससे पहले युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल नंबर-1 पर काबिज थे। बता दें, रोहित शर्मा अब भारत के पांचवें ऐसे बल्लेबाज़ बन गए हैं, जिन्होंने ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया है। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, विराट कोहली और शुभमन गिल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। वहीं, खास बात यह है कि रोहित ने यह मुकाम 38 साल 182 दिन की उम्र में हासिल किया है, जिससे वे वनडे इतिहास के सबसे उम्रदराज नंबर-1 बल्लेबाज़ बन गए। उन्होंने दिग्गज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 38 साल 73 दिन की उम्र में यह स्थान हासिल किया था।
भारत के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली ने तीसरे वनडे में 74 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। अब वे 725 रेटिंग अंकों के साथ छठे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर ने एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे में शानदार अर्धशतक लगाया, जिसकी बदौलत वह एक पायदान ऊपर बढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। गेंदबाज़ों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड दो स्थान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि भारत के स्पिनर कुलदीप यादव एक पायदान नीचे फिसलकर सातवें स्थान पर आ गए। ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम ज़म्पा ने दूसरे वनडे में चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और अब वो 12वें स्थान पर काबिज हैं।