भारत-पाक तनाव के बीच इंडो-नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट, रक्सौल में बढ़ी सुरक्षा, खुफिया एजेंसियां सक्रिय

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव का असर अब भारत-नेपाल सीमा पर भी साफ नजर आने लगा है। रक्सौल बॉर्डर सहित संपूर्ण इंडो-नेपाल सीमा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने हर संभावित खतरे को देखते हुए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।

सीमा पर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), स्पेशल ब्यूरो, मिलिट्री इंटेलिजेंस और एसएसबी पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। सीमा सुरक्षा बल (SSB) की टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं और ग्रामीण से लेकर शहरी चौकियों तक सुरक्षाकर्मियों की संख्या दोगुनी कर दी गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बिना पहचान पत्र सीमा पार नहीं
प्रशासन ने सख्त आदेश दिया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को नेपाल से भारत में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक चल रहे चेकिंग अभियान के तहत हर व्यक्ति, वाहन और सामान की बारीकी से जांच की जा रही है।

कस्टम, इमिग्रेशन और एसएसबी की टीमें संयुक्त रूप से यह अभियान चला रही हैं। इसमें पैदल यात्रियों, ई-रिक्शा, बाइक और चारपहिया वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

खुफिया एजेंसियों की कड़ी निगरानी
बॉर्डर की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए खुफिया एजेंसियां हर संदिग्ध हरकत और संपर्क की बारीकी से निगरानी कर रही हैं। भारत-पाक तनाव को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि सीमावर्ती इलाके का दुरुपयोग कर देश विरोधी तत्व भारत में घुसने की कोशिश कर सकते हैं।

रक्सौल, जो भारत-नेपाल व्यापार और जनसंपर्क का बड़ा केंद्र है, वहां सुरक्षा का स्तर युद्ध स्तर पर लाया गया है। बॉर्डर से गुजरने वाले हर शख्स पर नजर रखी जा रही है, और स्थानीय प्रशासन से लेकर केंद्रीय एजेंसियां मिलकर समन्वय बना रही हैं।

सरकार सतर्क, हर स्थिति के लिए तैयार
बिहार सरकार और गृह मंत्रालय ने सीमावर्ती जिलों के सभी डीएम और एसपी को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश जारी किया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई के लिए प्लान तैयार रखें।

यह कदम एक ओर जहां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है, वहीं सीमा पर रहने वाले आम नागरिकों के लिए भी यह एक चेतावनी है कि हालात सामान्य नहीं हैं।

Share This Article