पहले चरण की रिकॉर्ड वोटिंग पर नीतीश कुमार ने जनता को कहा ‘थैंक्यू’, बोले – 11 नवंबर को भी तोड़िए रिकॉर्ड

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है, और बिहार के लोगों ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा – “पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के लिए बिहार के लोगों का हृदय से धन्यवाद। पिछले वर्षों में बिहार ने अभूतपूर्व प्रगति की है। अब समय है कि बिहार को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जाए।”

सीएम नीतीश ने जनता से अपील की कि आगामी 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में भी लोग इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ हिस्सा लें। उन्होंने कहा – “बिहार के लोगों से आग्रह है कि आने वाली 11 तारीख को दूसरे चरण में भी इसी जोश से मतदान करें, ताकि बिहार और आगे बढ़े। सबका सम्मान हो, सबका विकास हो।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पहले चरण में बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, जहां 64.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक मतदान मुजफ्फरपुर (71.41%), समस्तीपुर (71.22%), मधेपुरा (69.03%), बेगूसराय (69.58%), सहरसा (69.16%) और वैशाली (67.68%) जिलों में हुआ। वहीं, सबसे कम मतदान पटना (58.40%), भोजपुर (58.91%), नालंदा (59.33%) और सीवान (60.54%) में दर्ज किया गया।

पहले चरण में कुल 3.75 करोड़ से अधिक मतदाता शामिल हुए, जिनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 758 तृतीय लिंग के मतदाता थे। राज्यभर में 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 36,733 और शहरी क्षेत्रों में 8,608 केंद्र थे।

अब सबकी निगाहें दूसरे चरण की वोटिंग और नतीजों पर टिकी हैं कि यह रिकॉर्ड वोटिंग किसके पक्ष में गई और बिहार की जनता ने किसे अपना भविष्य सौंपने का फैसला किया है।

Share This Article