मंगलवार को दुनिया भर में अचानक सोशल मीडिया और क्रिएटिव प्लेटफॉर्म्स ठप पड़ गए। X, ChatGPT, Canva से लेकर Spotify तक कई बड़ी साइट्स एक साथ डाउन हो गईं। जिसकी वजह साइबर सिक्योरिटी कंपनी Cloudflare में आया बड़ा आउटेज बताया जा रहा है। इस तकनीकी गड़बड़ी ने करोड़ों यूजर्स को प्रभावित किया और इंटरनेट पर भारी अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद Cloudflare क्या है और इसके डाउन होने से इतने सारे प्लेटफॉर्म कैसे ठप हो जाते हैं, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्लाउडफ्लेयर दुनिया का सबसे बड़ा इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क माना जाता है, जो लाखों वेबसाइटों को सुरक्षा, स्पीड और स्थिरता उपलब्ध कराता है। सरल शब्दों में कहें तो, क्लाउडफ्लेयर वेबसाइट और यूजर के बीच एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। यह प्लेटफॉर्म वेबसाइटों को DDoS जैसे साइबर हमलों से बचाता है, साथ ही अपने वैश्विक सर्वर नेटवर्क के जरिए वेब पेजों को तेजी से लोड होने में मदद करता है। वहीं, क्लाउडफ्लेयर ट्रैफिक को मैनेज करता है, इसलिए भारी ट्रैफिक के समय भी वेबसाइटें बिना रुके चलती रहती हैं। इसकी वजह से सिस्टम में जरा सी भी तकनीकी गड़बड़ी आने पर दुनिया भर की हजारों वेबसाइटें एक साथ प्रभावित हो जाती हैं। जब कोई वेबसाइट क्लाउडफ्लेयर की सेवाओं का उपयोग करती है, तो यूजर की रिक्वेस्ट सीधे वेबसाइट के सर्वर तक नहीं जाती। वह पहले क्लाउडफ्लेयर के नेटवर्क से होकर गुजरती है। फिर रिक्वेस्ट सुरक्षित पाई जाने पर क्लाउडफ्लेयर अपने नजदीकी सर्वर से वेबसाइट का डेटा यूजर तक पहुंचाता है, जिससे पेज तेजी से खुलते हैं और साइट की सुरक्षा भी मजबूत बनी रहती है। हालांकि, इस बार हुए आउटेज को लेकर शुरुआती जानकारी यही बताती है कि क्लाउडफ्लेयर की एप्लीकेशन सर्विसेज में गंभीर तकनीकी खराबी आई थी। कंपनी ने भले ही इसकी सही वजह सार्वजनिक नहीं की है। लेकिन तकनीकी विशेषज्ञ का मानना हैं कि गलत कॉन्फ़िगरेशन, सर्वर अपडेट में गड़बड़ी या नेटवर्क लेवल पर किसी बड़ी त्रुटि के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई होगी। इस खराबी का सीधा असर दुनिया भर की लाखों वेबसाइटों पर पड़ा और कई लोकप्रिय प्लेटफॉर्म घंटों तक ठप रहे।
क्लाउडफ्लेयर की इस गड़बड़ी ने इंटरनेट पर भारी असर डाला। X, ChatGPT, Spotify और Canva जैसे बड़े प्लेटफ़ॉर्म जहां अचानक ठप हो गए, वहीं DownDetector जैसी मॉनिटरिंग साइट भी क्लाउडफ्लेयर पर निर्भर होने के कारण खुद ही डाउन हो गई। भारत में 3,000 से अधिक यूजर्स ने सेवाओं के बाधित होने की शिकायत दर्ज की, जबकि दुनियाभर में लाखों लोग लोडिंग एरर, सर्वर फेल और कनेक्शन टाइमआउट जैसे संदेशों से परेशान रहे। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि इंटरनेट का बड़ा हिस्सा क्लाउडफ्लेयर जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर पर कितना निर्भर है, और किसी भी तकनीकी कमी का असर वैश्विक स्तर पर कितनी तेजी से फैल सकता है।