बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, जिसके बाद विले पार्ले श्मशान घाट पर उनके बड़े बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में फिल्म जगत की अनेक बड़ी हस्तियाँ पहुँचीं, जिनमें अमिताभ बच्चन, उनके बेटे अभिषेक बच्चन, धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल भी शामिल रहीं।
शमशान घाट पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े सितारे धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने पहुंचे। वहीं सोशल मीडिया पर उनके पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस की तस्वीरें और वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं। बताया जाता है कि धर्मेंद्र को 1 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। तब से वे घर पर ही उपचार और निगरानी में थे। लेकिन सोमवार को उनके निधन की खबर ने पूरे फिल्म जगत को स्तब्ध कर दिया। साथ ही उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटे सनी देओल और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उनके जाने से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से उनकी तबीयत नाजुक बताई जा रही थी और प्रशंसक लगातार उनके स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे थे, लेकिन अब भारतीय सिनेमा के इस महान सितारे का जीवन सफर थम गया है।
करण जौहर ने एक्टर को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “यह एक युग का अंत है, एक विशाल मेगास्टार, मुख्यधारा के सिनेमा में एक सच्चे हीरो की पहचान, अविश्वसनीय रूप से हैंडसम और रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस वाले। वह हैं और हमेशा रहेंगे भारतीय सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज। सिनेमा के इतिहास के पन्नों में उनका नाम सदैव चमकता रहेगा। पर सबसे बढ़कर, वह एक बेहतरीन इंसान थे। हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उनसे बेहिसाब प्यार करता था। उनके दिल में हर किसी के लिए सिर्फ प्यार और सकारात्मकता थी। उनका आशीर्वाद, अद्भुत स्नेह, इन सबकी कमी को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। आज हमारी इंडस्ट्री में एक ऐसा खालीपन है। जिसे कोई भी कभी भर नहीं सकेगा। वह हमेशा के लिए एक और एकमात्र धरमजी रहेंगे।”