सिटी पोस्ट लाइव
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा की गई और इसे संगठन को मजबूती देने के दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस बात की जानकारी दी और एक आधिकारिक पत्र जारी कर नितिन नवीन की नियुक्ति की पुष्टि की। अरुण सिंह ने बताया कि बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

नितिन नवीन की इस नियुक्ति के बाद बीजेपी के संगठन में एक नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद जताई जा रही है। उनकी नियुक्ति से पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूती मिल सकती है, जिससे आगामी चुनावों और पार्टी की रणनीतियों में लाभ होने की संभावना है।
नितिन नवीन के समर्थकों के बीच इस खबर से जश्न का माहौल है। जैसे ही यह खबर सामने आई, समर्थक ढोल नगाड़ों के साथ अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। लोग एक-दूसरे को मिठाई खिला रहे हैं और नितिन नवीन को बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हो रहे हैं।
नितिन नवीन बिहार के पथ निर्माण, नगर विकास और आवास विभाग के मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और उनकी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की इस नियुक्ति से न केवल नितिन नवीन की बढ़ती हुई सियासी ताकत को देखा जा रहा है, बल्कि यह बीजेपी के भीतर के संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।