बिहार बीजेपी के कद्दावर नेता और नीतीश सरकार में मंत्री रह चुके नितिन नबीन ने हाल ही में पार्टी संगठन में बड़ी छलांग लगाते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाला है। सबसे कम उम्र में इस अहम जिम्मेदारी तक पहुंचने वाले नितिन नबीन अपनी सादगी, शांत स्वभाव और जमीनी राजनीति के लिए जाने जाते हैं। राजनीतिक सक्रियता के साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ भी चर्चा में है। पांच बार विधायक रहे नितिन नबीन की पत्नी डॉ. दीपमाला श्रीवास्तव पेशे से बैंक अधिकारी हैं और सार्वजनिक जीवन से दूर रहती हैं। दिलचस्प बात यह है कि जहां नितिन नबीन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अपना राजनीतिक आदर्श मानते हैं, वहीं उनकी पत्नी डॉ. दीपमाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक नेता के रूप में पसंद करती हैं।
डॉ. दीपमाला श्रीवास्तव और नितिन नबीन की शादी अरेंज मैरिज के तहत हुई थी, जिसे दोनों के माता-पिता ने तय किया था। शादी के बाद ही दोनों ने एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जाना। एक इंटरव्यू में दीपमाला ने बताया कि नितिन स्वभाव से बेहद शांत, सुलझे और संवेदनशील हैं। अपने राजनीतिक सफर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि नितिन पहले विधायक बने, उसके बाद मंत्री और अब पार्टी में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शुरुआत में उन्हें एक शहर की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन बाद में पूरे बिहार और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में प्रभारी की भूमिका भी निभाई। बढ़ती जिम्मेदारियों के बावजूद नितिन नबीन परिवार और बच्चों के लिए समय निकालते हैं, जो उनकी सादगी और संतुलित जीवन शैली को दर्शाता है।
दीपमाला कहती हैं कि 15 साल की शादी के बाद दोनों के बीच आपसी समझ इतनी गहरी हो गई है कि अब शब्दों की जरूरत ही नहीं पड़ती। बिना कहे ही दोनों समझ जाते हैं कि सामने वाले को क्या चाहिए। मुस्कुराते हुए वह आगे बताती हैं कि नितिन कभी झगड़ा नहीं करते, क्योंकि झगड़े के लिए दो लोगों की जरूरत होती है, और यह आदत उनमें बिल्कुल नहीं है। उनके इस सहज और शांत स्वभाव ने न केवल परिवार में सामंजस्य बनाए रखा है, बल्कि नितिन के राजनीतिक जीवन में भी उन्हें संतुलित और समझदार नेता के रूप में स्थापित किया है।