Land For Job Case: लालू परिवार को फिलहाल राहत, आरोप गठन पर फिर टली सुनवाई; अब 19 दिसंबर पर टिकी नजरें

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
लैंड फॉर जॉब केस में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप गठन की प्रक्रिया आज भी टल गई है। राउज एवेन्यू कोर्ट में आरोप गठन पर सुनवाई अब 19 दिसंबर को होगी, जिससे लालू परिवार को एक और चार दिनों की राहत मिली है। सीबीआई ने पहले ही इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है, लेकिन आरोपों पर सुनवाई की प्रक्रिया लगातार टल रही है।

सीबीआई ने आरोप लगाया है कि 2004 से 2009 तक रेल मंत्री रहते हुए, लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्य, जिनमें उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव भी शामिल हैं, ने रेलवे में ग्रुप-डी की नियुक्तियों के बदले भूमि दी या स्थानांतरित की। आरोप के मुताबिक, ये नियुक्तियां नियमों के खिलाफ थीं और इन लेन-देन में बेनामी संपत्तियों का उपयोग किया गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्य इन आरोपों से इनकार करते हुए इसे राजनीतिक साजिश और विरोधियों द्वारा उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश बताते हैं। सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें कुल 103 आरोपी हैं, जिनमें से चार की मृत्यु हो चुकी है।

इस मामले में आरोपों के गठन के लिए कई बार सुनवाई हो चुकी है, लेकिन दस्तावेज़ों की तैयारी में देरी के कारण सुनवाई बार-बार टल रही है। 10 दिसंबर को विशेष सीबीआई जज विशाल गोगने की कोर्ट में सीबीआई ने बताया था कि सभी दस्तावेज़ अभी तैयार नहीं हो सके हैं, जिसके बाद कोर्ट ने सुनवाई को 11 दिसंबर तक के लिए टाल दिया। 11 दिसंबर को भी सुनवाई में कोई प्रगति नहीं हुई और कोर्ट ने इसे फिर से 15 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया। आज 15 दिसंबर को भी सुनवाई नहीं हो सकी और अब अगली सुनवाई 19 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

इस मामले की सुनवाई पर पूरे देश की निगाहें हैं, क्योंकि यह केस राजनीतिक और आर्थिक भ्रष्टाचार के मामलों में एक अहम मोड़ पर खड़ा है।

Share This Article