बिहार की राजनीति एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आचरण को लेकर गरमा गई है। 1283 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपने के सरकारी कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने सबको चौंका दिया। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री ने महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब अचानक खींच दिया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया। इस अप्रत्याशित हरकत का वीडियो सामने आते ही विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोल दिया और इसे मर्यादा व संवेदनशीलता से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
कांग्रेस ने इसे लेकर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। इनकी बेशर्मी देखिए- एक महिला डॉक्टर जब अपना नियुक्ति पत्र लेने आई तो नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींच लिया। बिहार के सबसे बड़े पद पर बैठा हुआ आदमी सरेआम ऐसी नीच हरकत कर रहा है। सोचिए- राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित होंगी? नीतीश कुमार को इस घटिया हरकत के लिए तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए। ये घटियापन माफी के लायक नहीं है।’ आरजेडी ने कहा, ‘यह क्या हो गया है नीतीश जी को? मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है या नीतीश बाबू अब 100% संघी हो चुके हैं?’
वीडियो में साफ दिखता है कि नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर नुसरत परवीन से सवाल किया—“ये क्या लगाए हो?” और बिना किसी सहमति के उनका हिजाब खींच दिया। यह हरकत इतनी अचानक थी कि नुसरत परवीन के साथ-साथ मंच पर मौजूद मंत्री, अधिकारी और अन्य लोग भी कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री की टिप्पणी और उसके बाद किया गया व्यवहार विपक्ष और सामाजिक संगठनों की नजर में मर्यादा, निजी गरिमा और संवेदनशीलता के उल्लंघन के तौर पर देखा जा रहा है। यह मामला नीतीश कुमार की उन पुरानी वायरल घटनाओं की भी याद दिला रहा है, जिनकी वजह से वे पहले भी कई बार सियासी विवादों में घिर चुके हैं।