अगले 3 दिन ठंड का प्रकोप जारी, 13 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का अलर्ट…

Ritu Raj

बिहार में बीते एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है और राज्य के अधिकांश जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों और उत्तर बिहार के पश्चिमी हिस्सों में ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तेज़ पछुआ हवाओं के कारण कनकनी और ज्यादा महसूस की जा रही है, वहीं कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने के साथ शीत लहर की स्थिति दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग ने गुरुवार (25 दिसंबर) को लेकर चेतावनी जारी करते हुए राज्य के 13 जिलों में घने कुहासे का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में पूरे दिन कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। अलर्ट की जद में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं। इसके अलावा पटना, वैशाली, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में भी सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने और ठंड का असर अधिक रहने का अनुमान है। वहीं, मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण बिहार के लगभग सभी जिलों के साथ-साथ उत्तर बिहार के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में भी अधिकांश स्थानों पर घना कुहासा और शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 28 दिसंबर तक राज्य में ठंड से किसी तरह की बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार राज्य में इस समय कनकनी भरी पछुआ हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसके कारण अगले चार से पांच दिनों तक अधिकांश जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बने रहने की पूरी संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में दिन के समय बीच-बीच में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है और लोगों को आंशिक राहत मिलेगी। इसके बावजूद रात के तापमान में खास सुधार की उम्मीद नहीं है और ठंड का असर बरकरार रहने की संभावना जताई गई है।

Share This Article