नवादा में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन: 25 हजार रिश्वत लेते दरोगा रंगे हाथों गिरफ्तार, साल 2026 का पहला ‘ट्रैप’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने साल 2026 की शुरुआत एक बड़ी कार्रवाई के साथ की है। नवादा जिले के अकबरपुर थाने में तैनात एक घूसखोर दरोगा को निगरानी की टीम ने रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार, 2 जनवरी 2026 को की गई, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

केस डायरी में मदद के नाम पर मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, अकबरपुर थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (SI) प्रमोद कुमार एक मामले में मदद करने के बदले अवैध राशि की मांग कर रहे थे। नवादा निवासी विकास कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि थाना कांड संख्या 484/25 में उनके बहनोई और भगना को आरोपी बनाया गया है। दरोगा प्रमोद कुमार उन्हें गिरफ्तार न करने और केस डायरी में रियायत देने के नाम पर 25,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

थाना गेट पर बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने गुप्त रूप से मामले की जांच की और रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर जाल बिछाया। पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। जैसे ही परिवादी विकास कुमार ने अकबरपुर थाना के गेट पर दरोगा प्रमोद कुमार को 25,000 रुपये थमाए, वैसे ही सादे लिबास में तैनात निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर दरोगा के पास से रिश्वत के रंग लगे नोट बरामद किए गए।

साल 2026 का पहला ‘ट्रैप’ केस
निगरानी ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, भ्रष्टाचार के खिलाफ साल 2026 में दर्ज की गई यह दूसरी प्राथमिकी है, लेकिन रंगे हाथों गिरफ्तारी (ट्रैप) का यह साल का पहला मामला है। गिरफ्तार दरोगा को पटना लाया गया है, जहाँ पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय (निगरानी) में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि वर्दी की आड़ में भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी मुहिम को तेज करते हुए निगरानी ब्यूरो ने आम जनता से यह विशेष अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी भी कार्य के बदले आपसे रिश्वत की मांग करता है, तो उससे डरने के बजाय तुरंत विभाग को सूचित करें; इसके लिए आप निगरानी ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 0612-2215344 पर कॉल कर सकते हैं या उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9473494167 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Share This Article