बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर सक्रिय नजर आने लगे हैं। करीब एक महीने के यूरोप दौरे के बाद स्वदेश लौटे तेजस्वी यादव ने राजनीतिक और पारिवारिक दोनों स्तरों पर अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। हालांकि, विदेश से लौटने के बावजूद तेजस्वी अभी तक पटना नहीं पहुंचे हैं। रविवार को वे दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले अपने पिता और राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की।
दिल्ली में पारिवारिक मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव अपने करीबी मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उत्तराखंड रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार, तेजस्वी यादव अपने मित्र शारिक उल बारी की शादी में शिरकत करने पहुंचे हैं। शारिक उल बारी बिहार के सीवान जिले के मूल निवासी बताए जा रहे हैं। इस मौके पर राघोपुर से विधायक ओसामा शहाब भी समारोह में मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि यह यात्रा पूरी तरह निजी कार्यक्रम से जुड़ी है, लेकिन इसके बावजूद तेजस्वी यादव की गतिविधियों पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद तेजस्वी यादव धीरे-धीरे फिर से सक्रिय भूमिका में लौटते दिखाई दे रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव 10 जनवरी को पटना पहुंचेंगे। पटना लौटने के बाद वे पार्टी और संगठन से जुड़े कई अहम निर्णय ले सकते हैं। इसके साथ ही खरमास के बाद तेजस्वी यादव बिहार यात्रा पर निकलने की भी तैयारी कर रहे हैं, जहां वे आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। वहीं, राजद सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव भी संभव हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव की यह सक्रियता आने वाली राजनीतिक रणनीति का संकेत मानी जा रही है।