बिहार की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसने राज्यसभा चुनाव के रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया है। 5 सीटों के लिए जारी वोटिंग के बीच एनडीए खेमे में बड़ी सेंधमारी की आहट सुनाई दे रही है। बिहार विधानसभा के भीतर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सत्ता पक्ष की धड़कनें तेज कर दी हैं। चर्चा है कि एनडीए के दो विधायक अपना पाला बदल सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन विधानसभा की हलचल कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
दरअसल, सबसे ज्यादा चौंकाने वाला दृश्य तब दिखा जब पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी (Hindustani Awam Morcha) की दो महिला विधायक, दीपा मांझी (बहू) और ज्योति मांझी (समधन), नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चेंबर से बाहर निकलती देखी गईं। बता दें कि विधायकों के साथ महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह भी मौजूद थे। उनके साथ AIMIM के विधायक भी नजर आए। तेजस्वी के कमरे से निकलने के बाद ये सभी विधायक एक साथ वोटिंग के लिए रवाना हुए।
क्यों फंसा है पेंच?
बिहार की 5 राज्यसभा सीटों में से पांचवीं सीट पर कड़ा मुकाबला है। एनडीए और महागठबंधन, दोनों ही इस सीट को अपने पाले में करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। ऐसे में एक-एक वोट की कीमत निर्णायक हो गई है। अगर ‘हम’ (HAM) की इन दो विधायकों ने पाला बदला, तो एनडीए के लिए पांचवीं सीट की राह मुश्किल हो सकती है। फिलहाल किसी भी दल ने इस पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन विधानसभा परिसर में अटकलों का बाजार गर्म है।