तेजस्वी को दिया जन्मदिन का बधाई, लेकिन साथ ही जताई ‘हत्या’ की आशंका! तेज प्रताप यादव ने किससे बताया अपनी जान को खतरा?

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में राजनीतिक खींचतान के बीच, बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को उनके जन्मदिन के मौके पर बधाई दी, लेकिन साथ ही एक चौंकाने वाला और गंभीर बयान भी दिया है।

तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “तेजस्वी को जन्मदिन की शुभकामनाएं, मेरा आशीर्वाद हमेशा उसके साथ है, वह आगे बढ़े।” हालांकि, इस बधाई संदेश के तुरंत बाद उन्होंने अपनी जान को लेकर बड़ा खतरा बताते हुए कहा, “मेरे ऊपर खतरा है, मेरी हत्या भी लोग करवा देंगे।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस गंभीर बयान ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचा दी है। हालांकि, तेज प्रताप यादव ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें यह खतरा किन लोगों से है, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर जताई गई यह आशंका ऐसे समय में आई है जब वह अपनी पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अपने भाई की पार्टी आरजेडी के सामने 40 से अधिक उम्मीदवारों के साथ ताल ठोक रहे हैं।

Y+ सुरक्षा मिलने के बाद आया बयान
तेज प्रताप यादव का यह बयान इसलिए भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि हाल ही में केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद उन्हें वाई प्लस (Y+) श्रेणी की सिक्योरिटी प्रदान की गई है, जिसके तहत अब वह सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों के कड़े सुरक्षा घेरे में रहेंगे।

सुरक्षा एजेंसियों की विशेष रिपोर्ट में उनकी जान को संभावित खतरा बताया गया था, जिसके बाद उन्हें वीआईपी प्रोटेक्शन लिस्ट में शामिल किया गया। Y+ सुरक्षा मिलने के कुछ ही दिनों बाद उनके द्वारा सार्वजनिक रूप से अपनी ‘हत्या’ की आशंका जताने से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर वह किस ‘खतरे’ की ओर इशारा कर रहे हैं।

चुनावी मैदान में आमने-सामने दोनों भाई
लालू परिवार के दोनों बेटे, जो कभी बिहार चुनाव में साथ प्रचार करते थे, अब अलग-अलग राह पर हैं। तेज प्रताप यादव अपनी महुआ सीट से खुद चुनाव लड़ रहे हैं और लगातार चुनावी सभाएं कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार जनता बदलाव चाहती है और वह युवाओं की ताकत के साथ मैदान में उतरे हैं।

तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देने और साथ ही अपनी जान को खतरा बताने का तेज प्रताप का यह अनोखा अंदाज़ एक बार फिर साबित करता है कि बिहार की राजनीति में व्यक्तिगत और पारिवारिक समीकरण बेहद जटिल बने हुए हैं। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां उनके बयान की गंभीरता को देखते हुए स्थिति का आकलन कर रही हैं।

Share This Article