रक्षक ही बना भक्षक: हाफ पैंट पहनकर बैंक पहुंचा गार्ड, मैनेजर ने टोका तो सीने में उतार दी गोली; पटना में मातम…

Ritu Raj

बिहार के पटना जिले के रहने वाले 34 वर्षीय अभिषेक शर्मा गाजियाबाद के लोनी स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में सीनियर मैनेजर के पद पर तैनात थे। सोमवार को बैंक के ही सुरक्षा गार्ड रवींद्र हुड्डा ने आपसी विवाद के बाद अभिषेक के सीने में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। बुधवार सुबह पैतृक गांव लखीपुर (बख्तियारपुर) में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के पीछे की वजह;
गिरफ्तार गार्ड रवींद्र हुड्डा (पूर्व फौजी) ने पुलिस पूछताछ में जो कारण बताए, वे चौंकाने वाले हैं। गार्ड का कहना था कि अभिषेक उम्र में उससे 14 साल छोटे थे, फिर भी ‘तू-तड़ाक’ से बात करते थे और ‘गार्ड साहब’ नहीं बुलाते थे। गार्ड सोमवार को बिना बताए छुट्टी पर था। फोन पर हुई बहस और फिर बैंक में हाफ पैंट-टी-शर्ट पहनकर आने पर जब मैनेजर ने टोका, तो गार्ड ने अपना आपा खोते हुए कहा- “मैं ऊंची आवाज बर्दाश्त नहीं कर सकता, इसलिए मैंने गोली मार दी।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़;
अभिषेक अपने परिवार के इकलौते सहारा और गर्व थे। उनके पीछे अब एक बिलखता हुआ परिवार है। अभिषेक की पत्नी राधिका 2 महीने की गर्भवती हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बार-बार बेहोश हो रही हैं। उनकी एक 2 साल की बेटी है (परी), जिसका जन्मदिन 27 जून को आने वाला था। 15 मार्च की रात आखिरी कॉल पर अभिषेक ने पत्नी से वादा किया था कि वे अप्रैल के पहले हफ्ते में गांव आएंगे और फिर साथ घूमने चलेंगे। भाई अभिमन्यु ने कहा- “भैया अफसर बनकर घर से निकले थे, आज मैं उन्हें कफन में लपेटकर ले जा रहा हूं। यह दिन मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।”

अभिषेक शर्मा का सफर;
पिता संजय शर्मा किसान हैं। अभिषेक ने कड़ी मेहनत कर 2016 में PO के रूप में करियर शुरू किया। होशियारपुर, दिल्ली और नोएडा के बाद अगस्त 2025 में वे गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर स्थित शाखा में सीनियर मैनेजर बने। स्टाफ के अनुसार, वे बेहद अनुशासित थे, रोज मॉर्निंग वॉक करते और देर शाम तक ऑफिस में काम करते थे।

Share This Article