बिहार राज्य महिला आयोग में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बख्तियारपुर (पटना) का एक युवक होमगार्ड में नौकरी लगने के बाद अपनी प्रेमिका को धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी कर बैठा।

युवती ने आरोप लगाया है कि लड़के ने उसे 16 साल की उम्र में प्रेम जाल में फंसाया, शादी का वादा किया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन नौकरी मिलते ही मुकर गया। जून 2024 में जब युवती समस्तीपुर के नानी के घर रह रही थी, तब पटोरी बाजार जाते समय पड़ोस के युवक ने उसे बाइक पर बिठाकर साथ ले लिया। रास्ते में उसने प्यार का जाल बिछाया और कहा, “अगर तुम मुझसे प्यार नहीं करोगी तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।” लड़की उसकी बातों में आ गई। लड़के ने वादा किया कि वह 18 साल की होने पर उससे शादी करेगा। इसी झांसे के तहत उसने युवती का यौन शोषण किया। नवंबर 2025 में दोनों परिवारों को रिश्ते का पता चला। गांव में पंचायत हुई और तय हुआ कि बालिग होने पर शादी कर दी जाएगी। अप्रैल 2026 में शादी तय हो गई थी और कार्ड भी छप गए थे। लेकिन होमगार्ड में नौकरी लगने के बाद लड़के के परिवार ने एकतरफा फैसला कर लिया कि शादी नहीं होगी। युवती ने बताया कि लड़के ने जनवरी 2026 में ही किसी और लड़की से शादी कर ली।

लड़के ने महिला आयोग में कहा कि अगस्त 2025 के बाद उसकी लड़की से बातचीत बंद हो गई थी। उसकी शादी 31 जनवरी 2026 को हो चुकी है। अब वह अपनी गलती मानते हुए मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता और समझौता चाहता है। बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो. अप्सरा ने कहा कि लड़के ने स्पष्ट रूप से यौन उत्पीड़न किया है। बालिग होने के बाद शादी का वादा तोड़कर दूसरी शादी कर ली, जो गंभीर मामला है। आयोग ने मामले की सुनवाई की अगली तारीख 30 अप्रैल 2026 रखी है। पीड़िता को अपने माता-पिता के साथ पेश होने को कहा गया है। चूंकि लड़का पहले ही शादी कर चुका है, इसलिए आयोग पीड़िता के साथ उसकी दूसरी शादी नहीं करा सकता। आयोग अब कानूनी कार्रवाई और उचित मुआवजे पर विचार कर रहा है।