सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के खनन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने अपने पदभार के एक वर्ष पूरे होने पर खनन विभाग का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। उन्होंने कहा कि निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से अवैध खनन पर कड़ा नियंत्रण हुआ है और राजस्व में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। खनन मंत्री ने बताया कि अब सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। विभाग में कमांड और कंट्रोल सिस्टम लागू होने से अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगा है। आम जनता से मिलने वाली शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो रही है। शिकायत करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार उन्हें सम्मानित भी कर रही है। इसी कड़ी में आज 21 नागरिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
विजय सिन्हा ने बताया कि खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1138 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध खनन में शामिल 9414 वाहन जब्त किए गए हैं और 2092 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि अब अवैध खनन माफियाओं के लिए बच निकलना असंभव है। खनन मंत्री ने कहा कि इस वर्ष विभाग ने 136% अधिक राजस्व संग्रह किया है, जो अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। खनिज संसाधनों के सही उपयोग और पारदर्शिता के कारण यह संभव हुआ है।
बिहार में खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए कई नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। बालू मित्र पोर्टल इस महीने लॉन्च किया जाएगा, जिससे बालू खनन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी। इसके अलावा, इंटर-स्टेट ट्रांजिट पास भी बनाया जा रहा है, जिससे खनिजों का परिवहन आसान और वैध तरीके से हो सकेगा। खनन मंत्री ने बताया कि रोहतास जिले में ग्लूको नाइट की नीलामी हो चुकी है और जल्द ही पांच और ब्लॉक्स की नीलामी होगी। पांच जिलों में खनन केंद्र बनाए गए हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के ठोस प्रयासों के कारण अब बिहार देश के खनिज मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। आने वाले समय में खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग और अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।