पटना में रविवार को ग्लैमर और प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला, जब NIFT Patna के मीठापुर कैंपस में मिस यूनिवर्स बिहार 2026 का ग्रैंड फिनाले आयोजित हुआ। इस आयोजन में राज्य के अलग-अलग जिलों से आई प्रतिभाशाली युवतियों ने हिस्सा लिया।

इस प्रतियोगिता में रूपाली भूषण ने मिस यूनिवर्स बिहार 2026 का खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रीति रॉय को मिस टीन बिहार 2026 चुना गया। कार्यक्रम में मनीका विश्वकर्मा विशेष रूप से जज के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन भी दिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा हो गया।संस्थान के निदेशक राहुल शर्मा ने बताया कि यह लगातार तीसरा वर्ष है जब इस तरह का आयोजन कैंपस में हो रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को बड़े आयोजनों की वास्तविक प्रक्रिया से परिचित कराना है, ताकि वे फैशन और इवेंट इंडस्ट्री की बारीकियों को समझ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि एनआईएफटी के छात्रों को वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए बिना ऑडिशन सीधे प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के मंच पर खुद को साबित करने का मौका मिलता है।

इवेंट के आयोजक डॉ. विकास के अनुसार, इस साल प्रतियोगिता को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। करीब 500 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया, जिनमें से 50 फाइनल तक पहुंचीं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस तरह के आयोजन चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन अब इसमें लोगों की रुचि तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। अब अभिभावक अपनी बेटियों को ऐसे मंचों पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जो एक बड़े सामाजिक परिवर्तन का संकेत है। इस आयोजन ने न सिर्फ प्रतिभागियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया, बल्कि छात्रों को इवेंट मैनेजमेंट और फैशन इंडस्ट्री के व्यावहारिक अनुभव से भी रूबरू कराया।