बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक सचिवालय में शुरू होने वाली है, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों उपमुख्यमंत्री और सभी 26 मंत्री पहुंच रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
पिछले 20 वर्षों से बिहार की सत्ता संभालने के लिए पूरी कैबिनेट नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से धन्यवाद देगी। चुनाव या बदलाव से ठीक पहले होने वाली इस बैठक में कई लोक-लुभावन और महत्वपूर्ण सरकारी प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। नवंबर 2026 में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से अब तक 10 से भी कम कैबिनेट बैठकें हुई हैं। आखिरी बैठक 20 फरवरी 2026 को हुई थी (जिसमें सोनपुर एयरपोर्ट का फैसला लिया गया था), जिसके करीब दो महीने बाद आज यह बैठक हो रही है।
सियासी सरगर्मी और विपक्ष के सवाल;
कैबिनेट बैठकों में हो रही देरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सवाल उठा रहे थे। अब जब सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और विजय चौधरी जैसे दिग्गज मंत्रियों की मौजूदगी में यह ‘फेयरवेल’ बैठक हो रही है, तो बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। यदि आज इस्तीफा होता है, तो यह बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम में एक बड़ा यू-टर्न साबित हो सकता है। फिलहाल सभी की नजरें सचिवालय से निकलने वाले आधिकारिक अपडेट्स पर टिकी हैं।