आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल इस समय काफी दिलचस्प मोड़ पर है, जहां हर मैच के साथ समीकरण बदल रहे हैं। IPL के इस सीजन में RCB और राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स ने अब तक सबसे स्थिर प्रदर्शन किया है। खास बात यह है कि पंजाब किंग्स, जिसकी कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं, अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है, फिर भी उसके 7 अंक हैं, जबकि RCB और राजस्थान 8-8 अंकों के साथ आगे हैं।

आईपीएल के लीग स्टेज में हर टीम 14 मुकाबले खेलती है, और पिछले सीजनों के ट्रेंड को देखें तो 16 अंक प्लेऑफ में पहुंचने के लिए एक सुरक्षित सीमा मानी जाती है। अगर कोई टीम 18 से 20 अंक तक पहुंच जाती है, तो उसका टॉप-2 में स्थान लगभग तय हो जाता है। वहीं 16 से कम अंक होने पर नेट रन रेट और अन्य टीमों के नतीजे अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, अगर पिछले सीजन यानी IPL 2025 पर नजर डालें, तो पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने 19-19 अंक के साथ टॉप-2 में जगह बनाई थी। वहीं गुजरात टाइटंस 18 अंक और मुंबई इंडियंस 16 अंक के साथ प्लेऑफ में पहुंची थी। इससे साफ है कि 16 अंक के आसपास पहुंचना बेहद जरूरी होता है। इस समय के समीकरण देखें तो RCB और राजस्थान ने 5-5 मैच खेलकर 8-8 अंक जुटा लिए हैं। यानी बचे हुए 9 मैचों में अगर ये दोनों टीमें 4 मुकाबले और जीत लेती हैं, तो प्लेऑफ में उनकी जगह लगभग तय हो सकती है।

दूसरी ओर पंजाब किंग्स के 4 मैचों में 7 अंक हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के 6 अंक हैं, और ये टीमें अभी क्वालीफिकेशन की दौड़ में मजबूत स्थिति में हैं। वहीं DC,GT, LSG और चेन्नई सुपर किंग्स मिड-टेबल में हैं, जहां से उन्हें लगातार जीत की जरूरत होगी। मुंबई इंडियंस ने 4 मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन और भी कमजोर रहा है और उनके पास केवल 1 अंक है। हालांकि, टूर्नामेंट अभी खुले मुकाबले की स्थिति में है, लेकिन 16 अंकों का आंकड़ा पार करने वाली टीमें ही प्लेऑफ की असली दावेदार बनेंगी।