बिहार में कई नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमारको Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, जबकि विजय सिन्हा की सुरक्षा Z+ से घटाकर Z कर दी गई है। वहीं श्रवण कुमार को Y+ कैटेगरी का सुरक्षा कवर मिला है।

निशांत कुमार हाल ही में राजनीति में सक्रिय हुए हैं। नई सरकार में उनके डिप्टी सीएम बनने की अटकलें थीं, लेकिन उन्होंने फिलहाल कोई पद स्वीकार नहीं किया। वे जल्द ही बिहार के दौरे पर निकलने वाले हैं और पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। Z श्रेणी की सुरक्षा मिलने के बाद निशांत कुमार की सुरक्षा में करीब 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें 4–5 NSG कमांडो भी शामिल होंगे। इसके अलावा Delhi Police, ITBP या CRPF के जवान और स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा में लगे रहेंगे।

भारत में किसी व्यक्ति को सुरक्षा कवर देने से पहले सरकार को आवेदन दिया जाता है। इसके बाद खुफिया एजेंसियां संभावित खतरे का आकलन करती हैं। खतरे की पुष्टि होने पर ही सुरक्षा दी जाती है। इस प्रक्रिया में होम सेक्रेटरी, डायरेक्टर जनरल और चीफ सेक्रेटरी की एक समिति तय करती है कि किसे कौन-सी श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। देश में वीआईपी और वीवीआईपी सुरक्षा के लिए कई एजेंसियां काम करती हैं, जैसे SPG,NSG, ITBP और CRPF। आम तौर पर हाई-प्रोफाइल सुरक्षा की जिम्मेदारी NSG संभालती है, लेकिन Z+ सुरक्षा पाने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब CISF को भी इस काम में लगाया जा रहा है।