PM Modi Gifts: बिहार के 53 हजार से अधिक गरीबों को मिलेगा पक्का घर, बैंक खातों में आज 5.37 अरब रुपये भेजेंगे पीएम मोदी
PM Modi Gifts
सिटी पोस्ट लाइव : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को बिहार आ रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को सिवान के पचरुखी प्रखंड के जसौली में आयोजित जनसभा से सौगात देंगे. मोदी बिहार की 22 विकास योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन करेंगे. एक क्लिक होते ही बिहार के 53666 गरीबों को पक्का घर भी मिल जाएगा.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर सारण प्रमंडल के सीवान, गोपालगंज और छपरा के चयनित पांच लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी सौंपेंगे. इन लाभुकों का चयन पहले ही कर लिया गया है. मंच से पीएम खुद उन्हें चाबी सौंपकर उनके जीवन के सबसे बड़े सपने को साकार करेंगे.
प्रधानमंत्री की मौजूदगी में सारण और तिरहुत प्रमंडल के नगर निकायों में तैयार किये गये 6684 पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश भी कराया जायेगा. संबंधित नगर निकायों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर लाभार्थियों के बीच चाबी वितरण होगा. बेगूसराय, बेतिया, छपरा, बक्सर, मोतिहारी, सासाराम, सीवान और आरा समेत बिहार के विभिन्न नगरों में जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत 2183.18 करोड़ रुपये की लागत से 11 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जायेगा.
इन परियोजनाओं में जलापूर्ति के लिए कुल सात योजनाएं और सीवरेज व सेप्टेज प्रबंधन के लिए चार योजनाएं शामिल हैं.जलापूर्ति योजनाओं में बेगूसराय (132.84 करोड़), बेतिया (68.78 करोड़), छपरा (19.14 करोड़), बक्सर (156.01 करोड़), आरा (138.26 करोड़), सीवान (113.28 करोड़) और सासाराम (76.44 करोड़) में कार्यान्वयन किया जायेगा. वहीं सीवरेज व सेप्टेज प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाएं मोतिहारी (399.87 करोड़), बक्सर (255.88 करोड़), सासाराम (455.65 करोड़) और सीवान (फेज-1, 367.03 करोड़) में शुरू की जायेंगी.