दरभंगा से प्रदेश अध्यक्ष तक! जानिए बिहार BJP के नए चेहरे की पूरी प्रोफाइल…

Ritu Raj

बिहार भाजपा की सियासत में एक और बड़ा संगठनात्मक उलटफेर करते हुए पार्टी ने दिलीप जायसवाल की जगह दरभंगा से लगातार छह बार के विधायक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार (15 दिसंबर, 2025) को इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया। इससे एक दिन पहले ही बांकीपुर विधायक नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी। ऐसे में भाजपा के इन लगातार चौंकाने वाले फैसलों के बीच अब सभी की नजरें नए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पर टिकी हैं कि कौन हैं वह नेता, जिन पर पार्टी ने चुनावी साल में बिहार संगठन की कमान सौंपी है?

विधानसभा चुनाव के बाद प्रचंड बहुमत से एनडीए सरकार बनने के बावजूद बिहार बीजेपी में जिस तरह से संगठनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं, उसने सियासी हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। पहले नितिन नवीन को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी और अब दिलीप जायसवाल की जगह संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को महज़ औपचारिक बदलाव नहीं, बल्कि भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि चेहरे बदले हैं, लेकिन जातीय समीकरण जस के तस रखे गए हैं। वैश्य समुदाय से आने वाले संजय सरावगी, जो बीजेपी का कोर वोट बैंक माना जाता है, संगठन और सरकार दोनों में अनुभव रखते हैं। 2005 से दरभंगा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे छह बार के विधायक संजय सरावगी भले ही इस बार कैबिनेट से बाहर हों, लेकिन मिथिलांचल में उनकी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक स्वीकार्यता ने उन्हें एक बार फिर पार्टी के केंद्र में ला खड़ा किया है। संजय सरावगी पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने हमेशा सक्रिय रूप से संगठन और जन-सेवा में योगदान दिया है। उनकी लगातार बढ़ती जिम्मेदारियों से यह साफ होता है कि बीजेपी उन पर भरोसा जताती रही है। शिक्षा के मामले में भी संजय सरावगी बेहद योग्य हैं। वे कॉमर्स में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के साथ ही उन्होंने एमबीए की पढ़ाई भी पूरी की है, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक समझ और मजबूत हुई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, छात्र जीवन में वे 10 वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभिन्न पदों पर रहे। 1999 में वे भाजयुमो के जिला मंत्री के पद पर रहे। 2001 में उन्होंने दरभंगा नगर मंडल भाजपा के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। 2002 में वे दरभंगा नगर निगम के वार्ड नंबर 6 से पार्षद निर्वाचित हुए। 2003 में वे दरभंगा जिला भाजपा के महामंत्री के पद पर रहे। 2005 से वे लगातार छह बार बिहार विधानसभा के सदस्य रहे। पहली बार 2005 (फरवरी) में वे दरभंगा सदर विधानसभा से विधायक चुने गए, इसके बाद 2006 (नवंबर), 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार विधायक चुने गए। 2017 में वे बिहार विधानसभा के प्राक्कलन समिति के सभापति रहे। फरवरी 2025 से वे बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री के पद पर हैं। अन्य पदों में वे बिहार प्रदेश भाजपा गोवंश प्रकोष्ठ के संयोजक रहे और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के साथ-साथ कई जिलों में संगठन चुनाव प्रभारी एवं सदस्यता प्रभारी भी रहे।

Share This Article