सारण में पुलिस को बड़ी चुनौती: थाने के बगल वाले मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी…

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सारण जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है। मशरक थाना परिसर से बिल्कुल सटे ऐतिहासिक राम जानकी शिव मंदिर में चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से सेंधमारी करते हुए भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की बेशकीमती अष्टधातु की मूर्तियां चुरा लीं। यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि मंदिर की दीवार सीधे थाने की बाउंड्री से जुड़ी हुई है।

थाने की नाक के नीचे वारदात
जानकारी के अनुसार, जिस जगह यह चोरी हुई वहां चौबीसों घंटे पुलिस की मौजूदगी रहती है। मंदिर के पास ही डीएसपी, इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष के आवास भी स्थित हैं। इसके बावजूद चोरों ने मंदिर के पिछले हिस्से का ताला काटा और गर्भगृह में प्रवेश कर गए। चोरों ने न केवल मूर्तियों पर हाथ साफ किया, बल्कि अपनी पहचान छिपाने के लिए मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसकी हार्ड डिस्क भी उखाड़ ले गए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुजारी और ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के पुजारी टुन्ना बाबा सुबह नित्य पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गर्भगृह का ताला टूटा हुआ है और सिंहासन से सदियों पुरानी मूर्तियां गायब हैं। शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि जब थाने के बगल में भगवान सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? मौके पर पहुंचे अधिकारियों को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

जांच में जुटी डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर चोरों द्वारा फेंका गया ताला काटने वाला कटर और भगवान के वस्त्र बरामद हुए हैं। डॉग स्क्वायड की टीम ने इलाके की छानबीन की है, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

सुरक्षा पर गंभीर सवाल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मशरक थाने में गश्त के लिए चार-चार वाहन उपलब्ध हैं, फिर भी चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। करोड़ों की कीमत वाली इन अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी ने इलाके में सांप्रदायिक और सामाजिक चिंता भी बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Share This Article