Upendra Kushwaha
सिटी पोस्ट लाइव : पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है. सोमवार शाम को उन्होंने खुद मंगलवार को सोशल मीडिया X (पहले ट्विटर) पर ये जानकारी साझा की. धमकी भरे संदेशों में गंभीर भाषा का इस्तेमाल करते हुए 15 जुलाई तक कुछ बड़ा होने की चेतावनी दी गई है. कुशवाहा ने इसे न केवल अपनी सुरक्षा, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया है.
कुशवाहा ने पोस्ट में लिखा- “7 जुलाई को शाम 7:25 से 7:36 के बीच मोबाइल नंबर 7780012505 से तीन धमकी भरे संदेश भेजे गए. पहले भी मुझे धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी. अब यह सिर्फ एक व्यक्ति की सुरक्षा नहीं, लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है.”उन्होंने धमकी भरे मैसेज का स्क्रीनशॉट भी साझा किया जिसमें कहा गया है – “राजनीति मत करो, नहीं तो सही नहीं होगा… हम छोड़ने वालों में से नहीं हैं… आपको पता चल जाएगा 15 तारीख को. भाई के खर्चे से पूरा बिहार हिला देंगे.” 20 जून को भी उपेंद्र कुशवाहा को जान से मारने की धमकी मिली थी. उस वक्त कॉल लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से की गई थी.
गौरतलब है कि पुलिस जांच में आरोपी उन्हीं की पार्टी का कार्यकर्ता निकला- राकेश कुमार, जो सीवान के दरौली का रहने वाला है. उसने पुलिस को बताया कि वह कुशवाहा की एनडीए से जुड़ी गतिविधियों से नाराज था और इसी वजह से उसने धमकी दी थी. सांसद ने पटना एसएसपी से मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह अब व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक तंत्र और लोकतंत्र की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस मामले को हल्के में न लें और दोषियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई हो.