घने कोहरे और कोल्ड डे की चेतावनी, राज्य के 25 जिलों में अलर्ट जारी…

Ritu Raj

पटना समेत पूरे बिहार में इन दिनों घना कोहरा और सर्द हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं। कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 जनवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, यानी फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। इसी को देखते हुए बुधवार (31 दिसंबर) के लिए राज्य के 25 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इनमें अधिकांश जिलों के लिए कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट और घने कोहरे का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा। हालांकि मंगलवार को पटना सहित 14 जिलों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद गयाजी, औरंगाबाद और नालंदा में भीषण कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। वहीं डेहरी में भी कोल्ड डे का असर देखा गया। वहीं, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस राजगीर में दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान भी राजगीर और शेखपुरा में 19 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना और आसपास के इलाकों में मंगलवार को धूप निकलने से लोगों को कुछ हद तक राहत जरूर मिली।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, प्रमुख शहरों की बात करें तो पटना में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गयाजी में अधिकतम 18.5 और न्यूनतम 7.8 डिग्री, भागलपुर में अधिकतम 15.0 और न्यूनतम 12.0 डिग्री रहा। वहीं मुजफ्फरपुर में दिन का तापमान 13.2 और रात का 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र अहम फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी कर आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को 2 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। वहीं आठवीं से ऊपर की कक्षाओं के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दी गई है, लेकिन इनकी कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही संचालित होंगी।

Share This Article