सिटी पोस्ट लाइव : राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री सह खगड़िया जिले के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर बड़ा हमला बोला है. पटना में हुए गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर लोजपा (रा) के एक सांसद के बयान पर प्रभारी मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई है.उन्होंने कहा कि चिराग पासवान की पार्टी के सांसद ने जो बयान दिया है वह गलत है. वे सरकार में हैं, इस तरह की बयानबाजी सही नहीं है. उन्होंने इसे लेकर संयम बरतने की नसीहत भी दी है.
महेश्वर हजारी ने कहा कि चिराग पासवान केंद्र सरकार में मंत्री हैं. उन्हें इस पर सोचना चाहिए. सिर्फ मंच से कुछ भी बोल देना, ये ठीक नहीं है. नीचे कुछ बोलते हैं, मंच पर कुछ बोलते हैं, इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए. जो भी उनकी इच्छा है वह फैसला ले लें. गठबंधन के साथ रहना है या अलग रहना है, खुलकर बताएं. एनडीए में हैं तो गठबंधन धर्म का पालन करें. उनके सांसद भी गठबंधन धर्म का सम्मान करें.
शुक्रवार को खगड़िया परिसदन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए महेश्वर हजारी ने कहा कि बिहार में हालत कोई चिंताजनक नहीं है. पिछले विधानसभा चुनाव में भी सबको पता है कि कैसे जदयू को तीसरे नंबर की पार्टी बनाई गई थी. तब भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बने थे. फिर बनेंगे.प्रभारी मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार जैसा मुख्यमंत्री न भूतो न भविष्यिति. उन्होंने कहा कि आपसी लड़ाई में अपराध होते हैं. उस पर त्वरित कार्रवाई होती है. दोषी को पकड़ा जाता है.