सिटी पोस्ट लाइव :एकबार फिर से आसमान में एयर इंडिया के यात्रियों की साँसे रुक गई. दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार को टर्बुलेंस में फंस गयी. फ्लाइट में सवार यात्रियों को तेज झटका लगना शुरू हो गया. फ्लाइट संख्या ए आइ 0407 बीच मार्ग में ही टर्बुलेंस में फंस गयी.लगातार झटके लगाने लगे तो यात्रियों के बीच हडकंप मच गया.
पांच सेकेंड तक फ्लाइट में सवार यात्रियों ने हवा में झटके को महसूस किया. इस दौरान फ्लाइट में कुछ महिलाएं और बच्चे चीखने लगे. जिस समय यह घटना हुई, उस समय यात्रियों को एयर होस्टेस की ओर से जलपान दिया जा रहा था. टर्बुलेंस की वजह से कई यात्रियों का जलपान बिखर गया, तो कई लोगों को सीट पर तेज झटका महसूस हुआ. इसके अलावा लगेज बॉक्स के खुलने की वजह से कई लोगों का बैग भी सीट पर गिर गया.
हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को नियंत्रित कर दिया. फ्लाइट के नियंत्रण में आते ही फ्लाइट क्रू मेंबर भी सभी यात्रियों के सीट बेल्ट लगाने लगे. सभी यात्रियों को शांत कराया. फ्लाइट दिल्ली से करीब एक घंटे की देर से दोपहर 2:40 बजे उड़ान भरी थी. शाम 4:10 बजे फ्लाइट ने पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड किया.