सिटी पोस्ट लाइव : पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आज आरजेडी की अति पिछड़ा जगाओ-तेजस्वी सरकार बनाओ रैली हुई. रैली में बतौर मुख्य अतिथि तेजस्वी यादव कार्यक्रम में पहुंचे और दीप जलाकर इसकी शुरुआत की. उनके साथ राजद नेता तेज प्रताप भी मौजूद हैं. रैली को अति पिछड़ा वर्ग के हक,अधिकार और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ राजद के एक सशक्त प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.
मंगनी लाल मंडल ने सीएम नीतीश कुमार को शिखंडी बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार को कभी नहीं बहुमत मिला है. फिर भी 20 साल से शासन में हैं. कर्पूरी ठाकुर को पूर्ण बहुमत होने के बावजूद आरक्षण लागू करने पर 22 महीने में हटा दिया गया था.लालू प्रसाद को पूर्ण बहुमत पर 1995 में हटा दिया गया. नीतीश कुमार ने जदयू में किसी नेता को पैदा नहीं होने दिया. सभी को तेजस्वी के सामाजिक न्याय की सरकार को बनाना है. वोट आपका और सरकार नीतीश का नहीं चलेगा.
आरजेडी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाइए. सभी लोग हर वोट लालटेन पर बटन दबाकर तेजस्वी यादव को सीएम बनाए. तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाएंगे तो आपका अधिकार बचेगा.इस कार्यक्रम में पूरे बिहार से भारी संख्या में अति पिछड़ा समाज के लोग पहुंचे. कार्यक्रम की अध्यक्षता अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार सहनी ने किया.
राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि यह रैली सामाजिक न्याय और अति पिछड़ा वर्ग की भागीदारी को लेकर एक ऐतिहासिक पहल साबित होगी. आरक्षण व्यवस्था की चोरी करने वाली भाजपा और नीतीश सरकार अति पिछड़ा समाज के साथ लगातार अन्याय कर रही है.65% आरक्षण व्यवस्था को अगर केंद्र सरकार ने समय रहते नवमी अनुसूची में शामिल कर लिया होता तो आज अति पिछड़ा वर्ग को 25% आरक्षण का लाभ मिल रहा होता. सरकार ने जानबूझकर इस वर्ग को वंचित किया है.