Patna Bulldozer Action:
सिटी पोस्ट लाइव :आरजेडी के बाहुबली विधायक रीतलाल को जेल भेंजने के बाद अब पुलिस और जिला प्रशासन की नजर उनके करीबियों पर है. पटना जिला प्रशासन ने रीतलाल के गाँव कोथवां में गुरुवार को तीन बुलडोजरों की मदद से 17 अवैध दुकानों को मात्र दो घंटे में ध्वस्त कर दिया. यह कार्रवाई दानापुर-खगौल रोड पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने के लिए की गई, जिसकी कीमत लगभग 1 बीघा (77 डिसमिल) बताई जा रही है.
गौरतलब है कि रीतलाल के ईलाके में जिला प्रशासन या पुलिस कभी किसी के खिलाफ एक्शन लेने से पहले सौबार सोंचती थी.लेकिन अब रीतलाल के जेल जाने के बाद उनकी शाह पर ईलाके में अतिक्रमण करनेवाले उनके ख़ास लोगों के खिलाफ कारवाई तेज हो गई है. पटना के जिलाधिकारी (DM) डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. मजिस्ट्रेट दानापुर अंचलाधिकारी चंदन कुमार और खगौल थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया. प्रशासन ने बताया कि इन दुकानों को सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था. दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर दुकानें खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन समयसीमा में जवाब न मिलने पर बुलडोजर चलाने का फैसला लिया गया.
पुलिस के अनुसार, 17 लोगों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया. इसके बाद तीन जेसीबी मशीनों की मदद से कानूनी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटाया गया. खगौल थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा, “यह कार्रवाई कानून के तहत की गई है. सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.” पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.
स्थानीय लोगों का दावा है कि इन अवैध निर्माणों के पीछे विधायक रीतलाल यादव और उनके परिजनों का हाथ था. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. एसडीएम दिव्य शक्ति के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई है. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दानापुर में अन्य अवैध कब्जों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है. यह कदम सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.