सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में पुलिस को अपराधी लगातार चुनौती दे रहे हैं. नीतीश सरकार के लॉ एंड ऑर्डर पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. सबसे चिंताजनक बात यह है कि राजधानी पटना में भी अपराधी पुलिस को चुनौती दे रहे हैं. लेकिन, पटना पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है. बिहार सरकार के लॉ एंड ऑर्डर पर उठ रहे सवालों के बीच नीतीश मंत्रिमंडल के लोक स्वास्थ अभियंत्रण मंत्री और बीजेपी नेता नीरज कुमार ने अपराध पर काबू पाने के लिए एक बड़ी मांग की है.
नीरज कुमार बबलू ने कहा है कि बिहार में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए अपराधियों में खौफ पैदा करना होगा. इसके लिए चाहे बुलडोजर चलाना पड़े या फिर इनकाउंटर करना पड़े, पुलिस को कड़े कदम उठाने ही होंगे. तभी अपराधियों में डर पैदा होगा और इसके लिए अधिक से अधिक इनकाउंटर करने की जरूरत है.हाल ही में पटना के बोरिंग रोड और फुलवारीशरीफ के बेउर इलाके में हुई गोलीबारी की घटनाओं ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
लगातार हो रहे अपराधों पर तेजस्वी यादव ने भी नीतीश सरकार के लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाए हैं, जिससे सियासी माहौल गर्मा गया है. चुनावी साल में अपराध की बढ़ती घटनाएं नीतीश सरकार के लिए चिंता का सबब बन सकती हैं. नीरज बबलू ने विपक्षी दल RJD पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार में ज्यादातर अपराधी किसी न किसी रूप में RJD से जुड़े हैं. वे लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने की बजाय पहले अपने गिरेबान में झांकें.