सिटी पोस्ट लाइव
पटना में नव वर्ष के जश्न को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे शहर में 104 प्रमुख स्थलों पर 125 से अधिक दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, साथ ही 3,300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस और प्रशासन ने यह कदम शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए उठाया है।
गंगा और अन्य नदियों में निजी नावों और मोटर बोटों के परिचालन पर 31 दिसंबर की सुबह से लेकर 1 जनवरी की शाम तक प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान नदी में किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों द्वारा सघन गश्त की जाएगी। इस सुरक्षा उपाय का उद्देश्य नदी में हुड़दंगियों की रोकथाम और सुरक्षित माहौल बनाए रखना है।
पटना के प्रमुख स्थल जैसे संजय गांधी जैविक उद्यान, गांधी मैदान, पटना जंक्शन, इस्कान मंदिर, और कुम्हरार समेत अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT), पुलिस और मजिस्ट्रेट अधिकारियों के साथ सशस्त्र बल, महिला बल और लाठी बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन स्थिति के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
हुड़दंगी बाइकर्स और लहरिया बाइकिंग की रोकथाम के लिए प्रशासन ने सभी थानाध्यक्षों और एसडीपीओ को निर्देश दिए हैं कि वे लगातार गश्त करें और किसी भी उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करें। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए मानीटरिंग सेल भी सक्रिय कर दी गई है। अफवाहों पर तुरंत खंडन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदेहास्पद गतिविधि या आपात स्थिति में वे तुरंत डायल 112 या जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि इस नव वर्ष पर पटना में एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बने।