Bihar Weather:
सिटी पोस्ट लाइव : उमस भरी गर्मी के बीच मंगलवार के लोगों को मॉनसून की आहट से लोगों को गर्मी से बहुत राहत मिली है. दक्षिण पश्चिम मानसून ने किशनगंज के रास्ते मंगलवार को प्रदेश में प्रवेश कर गया है. किशनगंज के साथ पूर्णिया, सुपौल, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर तक मॉनसून पहुँच गया है. अगले 48 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मानसून के विस्तार के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही है.
मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना हुआ है. इनके प्रभाव से भागलपुर, बांका, जमुई, अररिया, कटिहार एवं पूर्णिया में भारी वर्षा की संभावना है. जबकि पश्विम चंपारण और किशनगंज जिले में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ अति भारी वर्षा को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पटना सहित अधिसंख्य भागों में तेज हवा के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है. मानसून के बिहार में आने से किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर है. मानसून आने से किसानों में वर्षा को लेकर उम्मीद जगी है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के केंद्र प्रमुख विज्ञानी आशीष कुमार ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर पश्चिम दिशा में अग्रसर होने के साथ गंगीय पश्चिम बंगाल क्षेत्र में अधिक सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से प्रदेश में अच्छी वर्षा की संभावना है. बीते 24 घंटों के दौरान सिवान के अंदार में सर्वाधिक वर्षा 85.2 मिमी दर्ज की गई. प्रदेश के भागलपुर, पश्चिम चंपारण, कटिहार, सहरसा, गोपालगंज , पूर्णिया, बांका, मधेपुरा, कटिहार, मुंगेर, अररिया आदि जगहों पर वर्षा दर्ज की गई. मंगलवार को पटना सहित अधिसंख्य जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
लेकिन छह जिलों मे पिछले 24 घंटे में एक दर्जन लोगों की मौत वज्रपात से हो गयी है. बक्सर में चार, पश्चिम चंपारण में तीन, कटिहार में दो, कैमूर, लखीसराय व सीतामढ़ी में एक-एक लोगों की मौत वज्रपात से हो गयी. मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं. घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपए दिए जाने का उन्होंने निर्देश दिया.