ऑपरेशन के दौरान हुई गलती से उजड़ गया परिवार, मोतिहारी में डॉक्टर की लापरवाही आईं सामने…

Ritu Raj

मोतिहारी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया। मृतका की पहचान 25 वर्षीय उषा देवी के रूप में हुई है, जो मणिभूषण कुमार की पत्नी थीं। परिजनों के मुताबिक, लगभग डेढ़ साल पहले उषा देवी गर्भवती थीं और प्रसव के लिए मोतिहारी की डॉक्टर संगीता कुमारी के क्लिनिक में भर्ती हुई थीं।

सर्जरी के बाद बच्ची का जन्म सफल बताया गया और परिवार खुशी-खुशी घर लौटा, लेकिन इसी दौरान एक डरावनी गलती छुपी थी। ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में एक लोहे की कैंची छूट गया। इसके बाद से उषा देवी को लगातार पेट में दर्द रहता रहा। कई बार अल्ट्रासाउंड कराए गए और दवाइयाँ भी चलती रहीं, लेकिन राहत नहीं मिली। वहीं, समय बीतता गया और डेढ़ साल गुजरने के बाद भी दर्द कम नहीं हुआ। हाल ही में स्थिति गंभीर हो गई और परिजन उषा देवी को डॉक्टर कमलेश कुमार के पास ले गए। जांच के दौरान पता चला कि महिला के पेट में एक कैंची फंसी हुई है। डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी, लेकिन जैसे ही सर्जरी शुरू हुई और कैंची निकाली गई, उषा देवी ने दम तोड़ दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, इस हादसे ने पूरे अस्पताल परिसर और परिजनों को स्तब्ध कर दिया। मृतका के देवर त्रिलोकीनाथ ने इसे डॉक्टर की गंभीर लापरवाही बताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सूचना पाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए दुखद है, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था और डॉक्टरों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल भी खड़ा करती है।

Share This Article