आम आदमी पार्टी बिहार में सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव, संजय सिंह ने नीतीश सरकार पर बोला हमला, ‘जंगलराज’ की वापसी का आरोप

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
आम आदमी पार्टी (आप) ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर लड़ने की घोषणा कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस बात का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर निशाना साधा। संजय सिंह ने नीतीश सरकार पर बिहार में ‘जंगलराज’ की वापसी का आरोप लगाया और राज्य की कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बेरोजगारी की बदहाली पर गंभीर सवाल उठाए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बिहार में चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है और पार्टी ने अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

संजय सिंह ने बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने राजधानी पटना में हुए गोपाल खेमका हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि जब राजधानी में एक व्यापारी की हत्या हो जाती है और उसके परिवार को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है, जहां 6 साल पहले बेटे की हत्या हुई थी और अब पिता की, तो यह दर्शाता है कि बिहार में ‘जंगलराज’ किस तरह से लौट आया है। उन्होंने दरभंगा में एक बलात्कार पीड़िता को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में उचित इलाज न मिलने और उसकी जान चले जाने जैसी हृदय विदारक घटनाओं का भी उल्लेख किया, जो राज्य की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता ने बिहार की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बदहाली के कगार पर बताया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की हालत बताने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह सबको दिख रही है। संजय सिंह ने बेरोजगारी के कारण बिहार से युवाओं के भारी पलायन पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि आज लगभग 2 करोड़ 70 लाख बिहारी मजबूरी में राज्य से बाहर रह रहे हैं, जो कोई मामूली आबादी नहीं है।

इसके अतिरिक्त, संजय सिंह ने बिहार के 74% बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यह भी एक बड़ा संकट है जिसे आम आदमी पार्टी चुनाव में प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि कैसे बाढ़ से निजात पाई जा सकती है, इस पर पार्टी के पास योजना है। उन्होंने दोहराया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसे मुद्दे आम आदमी पार्टी के मुख्य चुनावी एजेंडे रहेंगे।

चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण पर भी संजय सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बिहार में एक साजिश रच रहा है और यह सीधे तौर पर लोगों को मतदान से वंचित करने की एक बड़ी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पूरी तरीके से भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।

Share This Article