आईपीएल 2026 के 7वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत तो दर्ज की, लेकिन स्लो ओवर-रेट ने उनकी इस खुशी को थोड़ा फीका कर दिया है। मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और पूरी टीम पर बड़ी पेनल्टी लगाई गई है।

क्यों लगा भारी जुर्माना?
पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित समय के भीतर अपने कोटे के ओवर पूरे करने में विफल रही। यह इस सीजन में पंजाब का दूसरा अपराध है, जिसके कारण जुर्माने की राशि भी काफी अधिक रही। स्लो ओवर-रेट का दूसरा उल्लंघन होने के कारण अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, कप्तान के साथ-साथ टीम के बाकी खिलाड़ियों पर भी गाज गिरी है। उन पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25% (दोनों में से जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल का आधिकारिक बयान में कहा गया कि “IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत, पंजाब किंग्स का यह इस सीजन का दूसरा अपराध है। नियमों के मुताबिक कप्तान और टीम के सदस्यों पर वित्तीय दंड लागू किया गया है।”

श्रेयस अय्यर के लिए राहत की बात;
क्रिकेट फैंस के लिए सबसे महत्वपूर्ण अपडेट यह है कि अब स्लो ओवर-रेट के कारण कप्तान पर मैच का बैन नहीं लगेगा। पहले के नियमों में प्रावधान था कि अगर कोई टीम तीसरी बार यह गलती करती है, तो कप्तान को एक मैच के लिए निलंबित कर दिया जाता था। अब सीजन में कितनी भी बार ओवर-रेट की गलती हो, कप्तान पर मैच बैन की तलवार नहीं लटकेगी। हालांकि, तीसरे या उसके बाद के अपराधों के लिए वित्तीय जुर्माने के साथ-साथ मैच के दौरान ही फील्डिंग प्रतिबंधों (जैसे घेरे के बाहर कम खिलाड़ी रखना) का सामना करना पड़ सकता है। जुर्माने की राशि हर अपराध के साथ बढ़ती जाती है, जो खिलाड़ियों की जेब पर भारी पड़ती है।
पंजाब की ‘पुरानी आदत’ बनी सिरदर्द;
पंजाब किंग्स ने इस संस्करण के अपने पहले मैच में भी यही गलती की थी। जीत की लय बरकरार रखने के लिए अय्यर को अपनी टीम की फील्डिंग के दौरान समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा। अगर अगली बार भी यही स्थिति रही, तो वित्तीय जुर्माना और भी कड़ा हो सकता है।