अमित शाह ने बिहार में एनडीए की जीत का किया दावा- ‘लालू-राहुल का चुनाव में होगा सूपड़ा साफ!’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच चुका है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को रोसड़ा स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्टेडियम में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए की जबरदस्त जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार “लालू और राहुल का सूपड़ा साफ होना तय है।”

अमित शाह ने अपने संबोधन में एनडीए को ‘पांच पांडव’ की उपमा दी और कहा कि बिहार की जनता इस बार विकास, स्थिरता और सुशासन के लिए मतदान करेगी। उन्होंने कहा, “एनडीए के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अनुभव, चिराग पासवान का युवा जोश, जीतन राम मांझी की तपस्या और उपेंद्र कुशवाहा का अनुभव है — ये पांचों मिलकर बिहार की राजनीति में महाभारत की तरह विजयी पांडव साबित होंगे।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद परिवारवाद में डूबी पार्टियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री और लालू यादव अपने पुत्र तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, जबकि जनता अब वंशवाद की राजनीति से मुक्ति चाहती है।”

गृह मंत्री ने अपने भाषण में बिहार के विकास और औद्योगिकीकरण की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर में एक बड़ा इंडस्ट्रियल स्टेट हब स्थापित किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही उन्होंने दरभंगा में 850 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एम्स और गरीबों के लिए 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा योजना का भी उल्लेख किया।

अमित शाह ने लालूराबड़ी शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि बिहार के लोग अब वैसा दौर कभी नहीं देखना चाहते। उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में एनडीए की लहर है और समस्तीपुर की सभी दस विधानसभा सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ही ऐसे नेता हैं जो युवाओं के भविष्य की चिंता करते हैं, जबकि विपक्ष केवल सत्ता की कुर्सी के लिए राजनीति कर रहा है।

Share This Article